बिरसा कॉलेज, खूंटी में झारखंड के 25वें स्थापना दिवस पर भव्य पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन।


खूंटी, झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह 2025 के तहत बिरसा कॉलेज, खूंटी में एक रंगारंग पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन राज्य के गठन की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विशेष रूप से आयोजित किया गया था।प्रतियोगिता का विषय झारखंड राज्य की समृद्ध विरासत पर केंद्रित था, जिसमें राज्य की भौगोलिक संरचना, इतिहास, संस्कृति, परंपरा, लोक नृत्य, कृषि प्रतीक और साहित्य जैसे पहलुओं को शामिल किया गया। प्रतियोगिता में 25 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें महिला प्रतिभागियों की संख्या विशेष रूप से अधिक थी। प्रतिभागियों ने अपनी कूची से ‘छौ नृत्य’, ‘डोम्बारीबुरू’ और ‘सरहुल नृत्य’ जैसे पारंपरिक विषयों को जीवंत रूप प्रदान किया।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. सी. के. भगत, श्री राजकुमार गुप्ता और मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष पूनम माई टीयू ने संयुक्त रूप से किया।इस अवसर पर बोलते हुए प्रिंसिपल डॉ. सी. के. भगत ने कहा कि हर साल झारखंड स्थापना दिवस पर आयोजन होते हैं, लेकिन इस बार यह आयोजन और भी विशेष है क्योंकि झारखंड के गठन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से छात्र-छात्राओं में उत्साह बना रहता है और उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों और शिक्षकों को निर्देश दिया कि भविष्य में होने वाली अन्य प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करें।श्री राजकुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं स्थानीय कलाकारों को अपना हुनर दिखाने का एक सशक्त मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार राज्य स्थापना दिवस के इस रजत जयंती समारोह को भव्य रूप से मनाने की योजना बना रही है और इसी कड़ी में यह आयोजन भी है।मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष पूनम माई टीयू ने पेंटिंग को भावनाओं और विचारों की सशक्त अभिव्यक्ति बताया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की घोषणा की।इस पेंटिंग प्रतियोगिता की निर्णायक समिति में श्री अनंत राम, डॉ. सी. मिंज, श्री वासुदेव हस्सा और डॉ. रेशमा रेनी टोपनो शामिल थे। मंच संचालन का दायित्व डॉ. सी. मिंज ने निभाया। इस अवसर पर डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. जया कच्छप सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।उल्लेखनीय है कि चार दिनों तक चलने वाले इस समारोह में आगामी दिनों में वाद-विवाद प्रतियोगिता जैसे अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।