रनियां थाना प्रभारी पर हमले के नौ आरोपी गिरफ्तार, सार्वजनिक रूप से कराई गई कान पकड़कर माफी की परेड।


खूंटी, जिले के रनियां थाना क्षेत्र के लोहागड़ा में एक डाइर मेले के दौरान थाना प्रभारी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को पहले सार्वजनिक रूप से कान पकड़कर माफी मांगते हुए परेड कराया गया, इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। बता दे कि 2 नवंबर को लोहागड़ा, रनियां थाना क्षेत्र में एक डाइर मेले के दौरान रनियां थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल पर एक शराब की भट्टी में लाठी, डंडे और पत्थरों से जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में थाना प्रभारी का सिर फट गया और उन्हें 14 टांके लगे। जिसके बाद तोरपा अनुमंडल पुलिस ने इस मामले में पहले छह, फिर दो और अब एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। कुल नौ आरोपी इस मामले में गिरफ्तार किए जा चुके हैं। गिरफ्तारी के बाद, आरोपियों को कमर में रस्सी बांधकर रानियां की सड़कों पर सार्वजनिक रूप से कान पकड़कर और माफी मांगते हुए परेड कराया गया। इस सार्वजनिक परेड के बाद सभी गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। पहले गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। सबसे हालिया गिरफ्तार किया गया आरोपी महिपाल सिंह उर्फ एतवा सिंह (पिता: रामेश्वर सिंह) है, जो गंझू टोली, किसनी, थाना कमडारा, जिला गुमला का निवासी है। उसके खिलाफ रानियां थाना में कांड संख्या 33/25 के तहत मामला दर्ज है और थाना प्रभारी पर जानलेवा हमले में उसकी भी भूमिका बताई जा रही है। इस पूरे प्रकरण ने पुलिस द्वारा आरोपियों के साथ किए गए सार्वजनिक व्यवहार पर चर्चा शुरू कर दी है, जबकि दूसरी ओर पुलिस थाना प्रभारी पर हुए गंभीर हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई पर जोर दे रही है।