सिंचाई की उम्मीद लेकर सांसद के द्वार तक पहुँचे बारीगड़ा के ग्रामीण।
खूंटी: अड़की प्रखंड के बारीगड़ा गांव के दर्जनों ग्रामीण गुरुवार को सांसद कालीचरण मुंडा के खूंटी स्थित आवास पर पहुंचे और अपने गांव में सिंचाई की सुविधा सहित कई विकासात्मक मांगों को लेकर उनसे मुलाकात की।ग्रामीणों ने सांसद को विस्तार से बताया कि उनके गांव के पास से बहने वाले बरसाती नाले ‘बालेया बांदा’ पर यदि एक बांध बनवाकर छोटी नहरें निकाली जाएं, तो लगभग 400 एकड़ खेतों में रबी की फसल के लिए सिंचाई की व्यवस्था हो सकेगी। इससे सैकड़ों किसान आत्मनिर्भर बन सकेंगे। ग्रामीणों ने जोर देकर कहा, “हम मेहनत करने को तैयार हैं, बस खेतों तक पानी पहुंचा दिया जाए, हम मिट्टी को सोना बना देंगे।”इसके अलावा, ग्रामीणों ने बीरडीह नाला पर एक चेक डैम के निर्माण और महादेव मंडा के पास एक सामुदायिक भवन बनाने की भी मांग रखी।मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने गांव के ऐतिहासिक योगदान का स्मरण कराया। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी हुकूमत के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के भाई को संकट के समय बारीगड़ा के लोगों ने ही सुरक्षा दी थी। उनकी शादी यहीं कराई गई और खेती के लिए जमीन भी दी गई। ग्रामीणों ने कहा कि इतना गौरवशाली इतिहास होने के बावजूद आज गांव विकास की मुख्यधारा से पिछड़ा हुआ है। सांसद कालीचरण मुंडा ने ग्रामीणों की सभी बातें गंभीरता से सुनीं और तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही स्वयं लघु सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता और अड़की के बीडीओ के साथ बारीगड़ा गांव का स्थल निरीक्षण करेंगे। उन्होंने बांध, नहर और चेक डैम निर्माण के लिए हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।सांसद ने ग्रामीणों के हौसले की सराहना करते हुए कहा, “आप लोग खेती-बारी में दिल लगाएं, सरकार और मैं आपके साथ हैं। आपकी हर जरूरी मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।” इस मौके पर देसाई मुंडा, मोसो मुंडा, महादेव मुंडा, गंगाराम मुंडा और लोहर सिंह पाहन सहित गांव के कई प्रबुद्ध नागरिक मौजूद थे।