सवारी गाड़ी का टायर फटने से अनियंत्रित सवारी बस से टकराकर पलटी, चार की मौत सत्रह घायल।
राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (रांची-टाटा रोड) पर गोसाईंडीह के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब एक सवारी वाहन का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर पलट गई।बुंडू थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस हादसे का शिकार वह वाहन बना जो अड़की के बिरड़ीह से बुंडू के ताऊ मैदान में आयोजित ‘आदिवासी जनाक्रोश रैली’ में शामिल होने जा रहा था। घटना के समय वह वाहन टाटा से रांची की ओर आ रही एक नटराज बस को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से चल रहे वाहन का अगला टायर अचानक फट गया।टायर फटते ही वाहन चालक का नियंत्रण पूरी तरह से छूट गया और वह हल्का सा बस से टकराने के बाद सड़क के किनारे एक गड्ढे में जा गिरा और पलट गई। इस हादसे में मौके पर कोहराम का माहौल पैदा हो गया।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बुंडू के एसडीपीओ ओमप्रकाश, बुंडू थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा और दशम फॉल थाना प्रभारी पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से उन्हें बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रांची के अस्पतालों में रेफर कर दिया गया है।इस दुखद घटना के बाद, बुंडू ताऊ मैदान में आयोजित होने वाली आदिवासी जनाक्रोश रैली को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और मृतकों की पहचान का भी प्रयास कर रही है।