खूंटी: तेली समाज ने आरक्षण बहाली के लिए गाँव-गाँव जनगणना का फैसला किया।
खूंटी छोटा नागपुरिया तेली उत्थान समाज के तत्वावधान में महात्मा गांधी धर्मशाला में एक जिला स्तरीय विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सरकार द्वारा पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को शून्य प्रतिशत किए जाने को ‘बड़ा अन्याय’ बताते हुए इसे बहाल करने के लिए गाँव-गाँव जाति जनगणना कराने का महत्वपूर्ण फैसला लिया गया।बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष शिवनारायण गन्झु ने कहा, “लगातार सभी सरकारों ने तेली समाज के लोगों के साथ छलावा किया है। 27 प्रतिशत से 0 प्रतिशत करना समाज के साथ अन्याय का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि अब समाज को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करनी होगी।बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि पहले चरण में प्रत्येक गाँव में समाज द्वारा तैयार किए गए जनगणना फॉर्म वितरित करके जाति जनगणना का कार्य तेजी से किया जाएगा। इसके बाद, प्राप्त आँकड़ों के आधार पर राज्य और केंद्र सरकार को लिखित आवेदन देकर पिछड़ा वर्ग को 27% आरक्षण बहाल करने की मांग की जाएगी।समाज के प्रवक्ता लक्ष्मी नारायण प्रसाद ने कहा कि समाज को अब एकजुट होकर संगठित आंदोलन की दिशा में बढ़ना चाहिए। वहीं, संरक्षक किशोर गन्झु ने कहा कि समाज को वर्षों से उपेक्षित किया गया है और अब ठोस कदम उठाना जरूरी है। महामंत्री जितेंद्र कश्यप ने समाज के उत्थान के लिए शीघ्र ठोस निर्णय लेने पर बल दिया।इस बैठक में जिला स्तरीय कमेटी का विस्तार करने के साथ-साथ तेली समाज धर्मशाला निर्माण को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा की गई। जिले के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने धर्मशाला निर्माण कार्य में तेजी लाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सचिव महादेव राम, विक्रम राम, प्रफुल्ल राम, जीवधन राम, विकास कुमार महतो, दुर्गा राम, रामपति राम, गंदूरा गंझू, देवेंद्र महतो, महावीर महतो सहित दर्जनों समाजजन मौजूद थे।