दूसरी शादी का बदला: पूर्व पत्नी और भांजे ने की साजिश, गर्दन पर चाकू मारकर की हत्या, खूंटी पुलिस ने किया गिरफ्तार।

खूँटी जिले के कदमा क्षेत्र के डहूपीढी इलाके में शुक्रवार, 31 अक्टूबर की शाम एक व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पहली पत्नी और उसके भांजे समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि मृतक के दूसरी शादी करने पर नाराजगी के चलते इस हत्या की साजिश रची गई। मृतक रंजीत महतो उर्फ टुना, राँची जिला के सोनाहातु का रहनेवाला था जिसकी की 31 अक्टूबर की शाम ग्राम कदमा के डहूपीढी के पास गर्दन पर तेज धार वाले हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। मृतक की दूसरी पत्नी रेनु देवी के लिखित आवेदन पर खूँटी थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले में शामिल मृतक की पहली पत्नी सुगी देवी और उसकी बहन के बेटे सोनू महतो को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या का अपराध कबूला। गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि रंजीत महतो ने रेनु देवी से दूसरी शादी कर ली थी, जिससे नाराज होकर सुगी देवी ने अपने भांजे सोनू महतो और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी हत्या का षड्यंत्र रचा।